मुजफ्फरनगर: अतिक्रमण अभियान के दौरान हंगामा, रेहड़ी संचालक ने लगाए उगाही के आरोप

मुजफ्फरनगर: शहर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक शिकंजी रेहड़ी संचालक ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
यह घटना भगत सिंह रोड स्थित गुदड़ी बाजार के पास हुई। एसपी सिटी के निर्देश पर शहर कोतवाली पुलिस द्वारा महिला थाना प्रभारी संगीता चौधरी के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। अभियान शिव चौक से शुरू होकर अहिल्याबाई चौक और आगे सर्राफा बाजार तक चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान जब पुलिस ने रेहड़ी संचालक से अपना ठेला हटाने को कहा तो वह भड़क गया। वायरल वीडियो में वह खुद को एक राजनीतिक दल का पदाधिकारी बताते हुए पुलिस पर आरोप लगाता नजर आया। इस दौरान उसने कथित रूप से पुलिस पर उगाही के आरोप भी लगाए और तीखी बहस की।
हंगामे के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी स्थिति को संभालने का प्रयास करते रहे, लेकिन रेहड़ी संचालक लगातार विरोध करता रहा। घटना के समय महिला थाना प्रभारी, शहर कोतवाली के एसएसआई और अन्य पुलिस बल भी मौजूद थे। अभियान में बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी और नए आरक्षी भी शामिल थे।
काफी देर तक चले विवाद के बाद स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ और अंततः रेहड़ी संचालक ने अपना ठेला हटा लिया। हालांकि, इस पूरी घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अतिक्रमण अभियान और पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.