दिल्ली में दिनदहाड़े लूट, बदमाशों ने आप नेता को बनाया निशाना

दिल्ली के शाहदरा जिले के कृष्णा नगर इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब स्कूटी सवार दो बदमाशों ने आम आदमी पार्टी (AAP) नेता विकास बग्गा से दिनदहाड़े चेन झपट ली। घटना उस वक्त हुई जब वे अपने बच्चे को स्कूल बस तक छोड़कर लौट रहे थे।
चेन छीनने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार होने लगे, लेकिन पास ही मौजूद पड़ोसी जुगल किशोर ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान बदमाशों ने उन पर पिस्टल तान दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
साहसिक जवाबी कार्रवाई से गिरा हथियार
बताया जा रहा है कि बिना डरे जुगल किशोर ने आरोपियों की ओर कार की चाबी फेंक दी, जिससे उनके हाथ से पिस्टल गिर गई। हथियार गिरते ही दोनों बदमाश वहां से भागने लगे। इसी बीच विकास बग्गा ने भी स्कूटी से उनका पीछा शुरू कर दिया।
करीब दो किलोमीटर तक पीछा करने के दौरान आरोपियों के पास मौजूद चेन का एक हिस्सा सड़क पर गिर गया, जिसे उठाने के लिए उन्होंने कुछ देर के लिए स्कूटी रोकी।
पत्थर फेंककर किया हमला, फिर हुए फरार
आरोप है कि पीछा करते हुए जब विकास बग्गा करीब पहुंचे तो एक बदमाश ने उन पर पत्थर फेंककर हमला करने की कोशिश की। हालांकि, वे बाल-बाल बच गए। पकड़े जाने के डर से आरोपी चेन का हिस्सा छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही कृष्णा नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से गिरी पिस्टल और चेन का हिस्सा कब्जे में ले लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें आरोपियों के आनंद विहार की ओर भागने की जानकारी सामने आई है।
राजनीतिक पृष्ठभूमि भी आई सामने
विकास बग्गा कृष्णा नगर इलाके में परिवार के साथ रहते हैं और पहले विधानसभा चुनाव में AAP के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। उनके पिता एस.के. बग्गा भी दो बार विधायक रह चुके हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.