दिल्ली में लू का कहर, पारा 44°C के करीब; मंगलवार को बारिश से राहत के आसार

नई दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच लोगों को जल्द राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को राजधानी के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि सोमवार को गर्मी का असर अभी भी बना रह सकता है और कुछ इलाकों में लू जैसी स्थिति देखने को मिल सकती है।
रविवार को सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। दोपहर तक गर्मी और तेज हो गई, जिसके चलते अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा, 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस दौरान हवाएं 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं और नमी का स्तर 22 से 60 प्रतिशत के बीच रहा।
हालांकि पिछले कुछ दिनों से जारी लू में रविवार को हल्की कमी दर्ज की गई। शनिवार के मुकाबले तापमान में थोड़ी गिरावट आई, जिससे लोगों को कुछ राहत महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार, बादलों की आवाजाही के चलते तापमान में यह गिरावट आई है और तकनीकी रूप से लू की स्थिति दर्ज नहीं की गई।
विभाग ने बताया कि सामान्य तापमान के मानक हर पांच दिन में अपडेट किए जाते हैं। 21 से 25 अप्रैल के लिए यह 37.7 डिग्री था, जबकि 26 से 30 अप्रैल के लिए इसे बढ़ाकर 39 डिग्री सेल्सियस कर दिया गया है। इसी वजह से वास्तविक तापमान और सामान्य तापमान के बीच का अंतर कम दिखाई दे रहा है।
राजधानी के अलग-अलग इलाकों में तापमान में भी फर्क देखा गया। रिज क्षेत्र सबसे गर्म रहा, जहां पारा 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आयानगर में 43.1, लोधी रोड पर 42.2 और पालम में 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे गर्मी और तेज हो सकती है। वहीं मंगलवार को संभावित बारिश और तेज हवाओं से मौसम में बदलाव आने की उम्मीद है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.