मुजफ्फरनगर में अवैध हथियार सप्लाई गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार

मुज़फ़्फ़रनगर के बुढ़ाना थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी इलाके में हथियारों की डिलीवरी देने पहुंचे थे, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें मौके से दबोच लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई शनिवार रात की है। बुढ़ाना पुलिस नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी, इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक बुढ़ाना–कांधला मार्ग पर एचपी गैस गोदाम के पास अवैध हथियारों की सप्लाई के इरादे से मौजूद हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक इटली निर्मित .32 बोर पिस्तौल, तीन अवैध तमंचे (.315 बोर) और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आर्यन पुत्र बिल्लू (टांडा माजरा), अनस पुत्र अलाउद्दीन (कबीरपुर), सुहैल राणा पुत्र जुल्फिकार (जौला) और वंश पाल पुत्र संजीव कुमार (अलीपुर अटेरना) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बाहर से सस्ते दामों पर अवैध हथियार लाकर उन्हें स्थानीय स्तर पर महंगे दामों में बेचते थे, जिससे उन्हें मोटा मुनाफा होता था। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी आर्यन का आपराधिक इतिहास लंबा है और उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है। एसएसपी ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.