दिल्ली में भीषण गर्मी का कहर, तापमान 42 डिग्री के पार

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। लगातार कई दिनों से सूरज की तेज तपिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म बनी हुई हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। दोपहर के समय हालात ऐसे हो जाते हैं जैसे आसमान से आग बरस रही हो। रविवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। बाहर निकलते ही लोग पसीने से तर-बतर नजर आए, वहीं रात में भी गर्म हवाओं के कारण सुकून नहीं मिल पाया।
लगातार 5 दिन 40 डिग्री से ऊपर तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आर्द्रता अधिकतम 60 प्रतिशत और न्यूनतम 22 प्रतिशत रही। पिछले पांच दिनों से लगातार तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। कई इलाकों में पारा 42 डिग्री से भी ऊपर दर्ज किया गया, जिससे लू का असर और तेज हो गया।
मौसम विभाग का अनुमान
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले दो दिनों तक तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तीन दिनों में तापमान में 4 से 6 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है, जिसके बाद फिर हल्की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। कुल मिलाकर अगले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई गई है।
लू का असर जारी
दिल्ली में लू का यह लगातार तीसरा दिन रहा है और अगले 24 घंटे तक स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि निचले वायुमंडलीय स्तर पर पूर्वी हवाओं के प्रभाव से 28 अप्रैल से धीरे-धीरे राहत मिलने लगेगी और लू की स्थिति कमजोर पड़ सकती है।
आने वाले दिनों का मौसम पूर्वानुमान
27 अप्रैल: भीषण गर्मी जारी
27 अप्रैल को तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री रहने की संभावना है। इस दौरान आंशिक बादल छाए रहेंगे और लू का असर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। दोपहर बाद कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज के साथ तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा, झोंकों में 50 किमी/घंटा) चल सकती हैं।
28 अप्रैल: बारिश से राहत की उम्मीद
28 अप्रैल को मौसम में बदलाव के संकेत हैं। अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री और न्यूनतम 27 से 29 डिग्री रह सकता है। आसमान में बादल छाने और हल्की बारिश के साथ बिजली चमकने की संभावना है। तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
29 अप्रैल: बारिश का असर जारी
29 अप्रैल को अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री और न्यूनतम 25 से 27 डिग्री रहने का अनुमान है। हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं जारी रह सकती हैं।
30 अप्रैल: तापमान में गिरावट
30 अप्रैल को अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री और न्यूनतम 23 से 25 डिग्री तक गिर सकता है। दिन में आंशिक बादल और शाम को गरज के साथ मौसम बदल सकता है।
1-2 मई: फिर बढ़ेगा तापमान
1 और 2 मई को तापमान फिर से बढ़कर 39 से 41 डिग्री के बीच पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री रहने की संभावना है। इन दिनों आसमान साफ रहने और हवाओं के सामान्य रहने के आसार हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.